नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
धमतरी, 24 अगस्त (हि.स.)। निजी कंपनी में नौकरी दिलाने और सस्ते दाम पर बिजली सामग्री उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर एक आरोपित को आज गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने ग्राम बगदेही, जिला बालोद निवासी महेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों, आरोपितों की भूमिका और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में नौकरी के नाम पर झांसा देकर महिलाओं को निशाना बनाए जाने को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी या किसी अन्य लाभ का झांसा देकर संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

