home page

महिला किसान नेता की हत्या में प्रेमी गिरफ्तार

 | 
महिला किसान नेता की हत्या में प्रेमी गिरफ्तार


बाराबंकी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। शहर कोतवाली के गदिया चौकी क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन राजू गुप्ता गुट की महिला किसान नेता सुनीता (40) की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया है। किसान नेता कई सालों से शादीशुदा युवक के साथ रह रही थी। वह युवक पर शादी का दबाव बना रही थी, जिसकी वजह से प्रेमी ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बुधवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि असंद्रा के अशरफपुर गांव निवासी गंगाराम की पत्नी सुनीता पिछले पांच वर्षों से पति गंगाराम और बच्चों से अलग लखनऊ सीमा से सटे रेंदुआ पल्हरी में किराये के मकान में रहती थीं। वह भारतीय किसान यूनियन (अवध राजू गुट) की महिला जिलाध्यक्ष थी। बीती सोमवार सुबह रेंदुआ पल्हरी से करीब चार किमी दूर सुनीता का शव पाया गया था। शव के पास ही खून से सनी ईंट बरामद हुई थी। इससे यह स्पष्ट हुआ कि सिर पर ईंट से प्रहार करके किसान नेता की हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बुधवार को आरोपित लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित गनेशपुर निवासी राज मिश्रा उर्फ राजू को असैनी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह शादीशुदा है और सुनीता ने अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ रह रही थी। वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी। मना करने पर झुठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हुए वह पैसों की मांग करने लगी। इसी वजह से उसने हत्या की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी