महिला को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाला आरोपित गिरफ्तार
मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायल महिला का इलाज
बांदा, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद में नरैनी कस्बे के पटेल नगर में आपसी विवाद के दौरान एक महिला पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल महिला का बांदा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पटेल नगर निवासी प्रभा देवी ने 11 अक्टूबर को नरैनी थाने में सूचना दी कि 10 अक्टूबर को मोहल्ले में रहने वाले अनुज ने आपसी विवाद के चलते उनकी मां पर जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग से जली महिला ने किसी तरह पास के नाले में कूद कर अपनी जान बचाई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अनुज पुत्र संतोष निवासी पटेल नगर, थाना नरैनी को व्यास मंदिर के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि 10 अक्टूबर को महिला पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल महिला को उपचार के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

