home page

फंदे से लटका मिला शव; दहेज हत्या के आरोप से गांव में तनाव

 | 
फंदे से लटका मिला शव; दहेज हत्या के आरोप से गांव में तनाव


नवादा, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के चौबे पंचायत के भलूया गांव में मंगलवार को 28 वर्षीय विवाहिता हेमलता देवी का शव घर के बंद कमरे में पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार मृतका का चार वर्षीय पुत्र अपनी मां को उठाने के लिए दरवाजा खटखटाने लगा। काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर सास ने भी दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर हेमलता पंखे से लटकी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पिता दिनेश प्रसाद, माता किरण देवी और भाई रौशन कुमार ने पति अनीश कुमार, सास, ससुर और ननद पर दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।

मृतका परनाडाबर थाना क्षेत्र के हरनारायणपुर गांव के दिनेश प्रसाद की पुत्री थी। वर्ष 2022 में उसकी शादी हुई थी और उसका एक चार वर्षीय पुत्र है। भाई ने यह भी दावा किया है कि हेमलता तीन माह की गर्भवती थी।

परिजनों के मुताबिक सोमवार रात करीब नौ बजे भाई से उसकी फोन पर बातचीत हुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान थी, लेकिन खुलकर कुछ नहीं बता सकी। वहीं, ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि सोमवार शाम ब्लूटूथ ईयरफोन को लेकर हेमलता और उसके ससुर के बीच हल्की कहासुनी हुई थी। मृतका का पति चेन्नई में नौकरी करता है और करीब दस दिन पहले ही गांव से वापस गया था।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने घर में रखे डेकोरेशन के सामान को तोड़ना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद सिरदला थाना के चौकीदार महेंद्र प्रसाद ने सरकारी जांच पूरी होने तक सामान नहीं तोड़ने की अपील की, जिस पर मृतका के भाई और कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। इससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना मिलने पर सब-इंस्पेक्टर दिनेश पासवान, डायल-112 टीम के एएसआई बिनोद प्रसाद तथा नवादा से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर फांसी के निशान मिले हैं, लेकिन यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन