सहारनपुर मे सात माह की गर्भवती महिला की जहर खाने से मौत
सहारनपुर, 21 जून (हि.स.)। देहात कोतवाली क्षेत्र की आजाद कॉलोनी में सात माह की गर्भवती महिला ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने बेटी के पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।
आजाद कॉलोनी निवासी शारिक की पत्नी साहिबा (30) की 20 जून की रात तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए।
मृतका के चाचा शाहिद अहमद ने बताया कि साहिबा की शादी को करीब पांच वर्ष हो चुके हैं। आरोप है कि बेटी का पति शारिक लंबे समय से उसे प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध थे, जिसका विरोध करने पर वह साहिबा के साथ मारपीट और उसका मानसिक उत्पीड़न करता था। पिछले तीन माह से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
चार दिन पहले भी दोनों के बीच हुए विवाद की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी और समझाने के बाद महिला को उसके ससुराल छोड़ गई थी।
साहिबा की मां गुलनाज ने बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एएसपी मनोज यादव ने रविवार को बताया कि 20 जून की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI

