home page

अंधविश्वास का झांसा देकर महिला से ढाई तोले का मंगलसूत्र ठगा, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 


मंदसौर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर शहर में अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अफीम गोदाम रोड स्थित जनपद पंचायत कार्यालय के सामने बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर करीब ढाई तोले का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पद्मावती चौहान (60), पत्नी रसिख बिहारी चौहान, शुक्रवार को अमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा कर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोककर एक डॉक्टर का पता पूछा। महिला द्वारा जानकारी नहीं देने पर उसने पानी मांगा। तभी एक अन्य व्यक्ति ने खुद को धार्मिक बताकर महिला के हाथों से ही पानी पीने की बात कही और उन्हें “भाग्यशाली” बताकर बातचीत में उलझा लिया।

आरोपियों ने महिला को उसकी पारिवारिक समस्याओं और भाग्य रेखा का हवाला देते हुए धीरे-धीरे अपने विश्वास में ले लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से निजी जानकारी भी हासिल कर ली और फिर उसी आधार पर उसे चमत्कार का आभास कराया।

इसके बाद आरोपियों ने महिला को बताया कि उसके गले में पहना मंगलसूत्र उसकी परेशानियों का कारण है। झांसे में आकर महिला ने अपना मंगलसूत्र उतारकर पूजा के लोटे में रख दिया। जैसे ही महिला कुछ दूरी पर आगे बढ़ी, दो मोटरसाइकिल सवार अन्य साथी वहां पहुंचे और लोटा लेकर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आएं और किसी भी प्रकार की कीमती वस्तु किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया