राजगढ़ः भूसा निकालते समय महिला को सांप ने काटा, अस्पताल में मौत
राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ा में रविवार सुबह मवेशियों के लिए भूसा निकालते समय सांप के काटने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भाटखेड़ा निवासी सूरजबाई (50) पत्नी घीसालाल नागर रविवार सुबह घर के आंगन में रखी बोरी में से मवेशियों के लिए भूसा निकाल रही थी। इसी दौरान बोरी में छिपे सांप ने उसके बाएं हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे बेसुध हालत में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने जिला चिकित्सालय में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

