तालाब में डूबने से 28 वर्षीय महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
राजगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पाटलीखेड़ा में तालाब में डूबने से 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। शुक्रवार शाम पानी पीने तालाब पर पहुंची महिला पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए पति ने भी तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन तैरना नहीं आने से वह भी डूबने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीण ने पति को बचा लिया, जबकि महिला का शव शनिवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने बरामद किया। हादसे से परिवार में मातम छा गया। महिला अपने पीछे डेढ़ साल के बेटे और तीन साल की बेटी को छोड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, रामकन्या तंवर शुक्रवार को पति रामबाबू तंवर और ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ खेत में मक्का निकालने का काम कर रही थी। इसी दौरान वह बिना बताए खेत के पास स्थित तालाब की ओर चली गई। आशंका है कि पानी पीने के दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गई। पत्नी को डूबता देख रामबाबू उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण वह भी डूबने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीण युवक ने उसे बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राजगढ़ से एसडीईआरएफ की टीम बुलाकर महिला की तलाश शुरू की गई। टीम ने शुक्रवार देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह फिर तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में फंसा महिला का शव बरामद किया गया।
रामकन्या का विवाह करीब 10 वर्ष पहले हुआ था। उसके डेढ़ साल का बेटा जीवन और तीन साल की बेटी ज्योति हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ समय से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर महिला के तालाब में गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

