राजगढ़ः जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत
राजगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में चाचैड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकरी मोहल्ला निवासी 38 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही जीरो पर मर्ग कायम कर मामला संबंधित चाचैड़ा थाना पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, टेकरी मोहल्ला निवासी परी पत्नी किशनपाल राजपूत ने मंगलवार रात घर पर रहते हुए जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल ब्यावरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया। भोपाल ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, परी का विवाह वर्ष 2017 में किशनपाल राजपूत से हुआ था। उसका सात साल का एक बेटा है। महिला ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। देहात ब्यावरा पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और मर्ग डायरी संबंधित चाचैड़ा थाना पुलिस को भेज दी। अब मामले में आगे की जांच चाचैड़ा पुलिस करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

