home page

राजगढ़ः अति शराब सेवन से बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल में मौत

 | 
राजगढ़ः अति शराब सेवन से बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल में मौत


राजगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में शनिवार की रात 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, बीती रात ग्राम बरखेड़ा निवासी बैजंती (55) पत्नी घीसालाल वर्मा को परिजन बेसुध हालत में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला शराब का सेवन करती थी। भुजरिया पर्व के चलते उसकी बेटी और दामाद भी गांव आए थे। बताया गया कि महिला का पति मेहमानों के लिए मछली बनाने के लिए घर पर लेकर आया था। इसी दौरान महिला ने अधिक शराब का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया गया है कि बैजंती और उसका पति बच्चों के साथ गुजरात में रहकर मजदूरी करते थे। भुजरिया पर्व मनाने के लिए दोनों करीब तीन-चार दिन पहले ही बरखेड़ा गांव आए थे। परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक