शिमला : पेड़ से लटका मिला महिला का शव, आत्महत्या की आशंका
शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिला शिमला के चिडग़ांव थाना अंतर्गत खशाधार गांव में एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने आगे की जांच जारी रखी है।
पुलिस को यह सूचना शुक्रवार शाम को रॉबिन पुत्र कहान चंद निवासी खशाधार गांव की ओर से दी गई। उन्होंने बताया कि उनके बगीचे में काम करने वाले नेपाली मूल के चौकीदार की पत्नी रेखा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बागीचे में एक पेड़ से महिला का शव लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर मौके पर जांच की। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, केवल गर्दन पर फंदे के निशान मिले। मौके से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु भी बरामद नहीं हुई है।
महिला के पति राम राज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सुबह काम पर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं मिली। तलाश करने पर बाद में वह बागीचे में पेड़ से लटकी हुई मिली।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पतालभेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में फिलहाल किसी तरह की साजिश या संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है और मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

