home page

राजगढ़ः इलाज के लिए घर से निकली महिला का कुएं में मिला शव

 | 
राजगढ़ः इलाज के लिए घर से निकली महिला का कुएं में मिला शव


राजगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुरा में मंगलवार सुबह एक 40 वर्षीय महिला का शव उसके ही खेत स्थित कुएं में उतराता मिला है।

परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कैलाशबाई (40) पत्नी धनसिंह तंवर निवासी मोतीपुरा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कैलाशबाई सोमवार को घर से यह कहकर निकली थीं कि वह अस्पताल में इलाज कराने जा रही हैं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कुएं की पाल पर उनकी चप्पल पड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने बांस की मदद से कुएं में तलाश की तो महिला का शव पानी में दिखाई दिया।

परिजनों के मुताबिक करीब सात-आठ माह पहले बाइक से गिरने के कारण कैलाशबाई के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उनका उपचार भी चल रहा था।महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक