सिरसा: बेटे को नौकरी लगवाने व लोन पास करवाने का झांसा देकर महिला के साथ धोखाधड़ी
सिरसा, 04 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले में एक महिला के साथ लोन पास करवाने व बेटे को नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीडि़त महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पीडि़त महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उससे एक लाख रुपये की ठगी की है।
पीडि़त महिला ने शिकायत में बुधवार काे बताया कि आरोपी महिला व एक व्यक्ति ने उसे झांसा दिया कि आपका पांच लाख रुपये का लोन पास करवा देंगे और आपके बेटे को किसी अच्छी कंपनी में नौकरी भी लगाएंगे। आरोपियों ने पीडि़त महिला को झांसा दिया कि वे बेरोजगार युवाओं को अच्छी नौकरी दिलाने का काम करते हैं। पीडि़त महिला उनके झांसे में आ गई और 50-50 हजार रुपये दो बार में आरोपी महिला को दे दिए। काफी समय तक लोन पास नहीं हुआ और न ही उसके बेटे को नौकरी मिली तो वह आरोपियों के चक्कर लगाने लगी, लेकिन उसे हर बार टाल मटोल जवाब देकर वापस भेज दिया जाता। महिला का आरोप है कि उसके बेटे को कुछ कंपनियों के फर्जी नियुक्ति पत्र भेजकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई। उसने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन यहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस ने तारूआना-त्रिलोकेवाला रोड पर हुई लूट की वारदात में संलिप्त एक आरोपी गिरफ्तार को गिरफ्तार किया है। कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने शिकायतकर्ता रणजीत सिंह के साथ मारपीट कर उसके साथ लूटपाट की। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

