home page

मिट्टी में दबा मिला गर्भवती महिला का शव, किराएदार पर हत्या का संदेह

 | 
मिट्टी में दबा मिला गर्भवती महिला का शव, किराएदार पर हत्या का संदेह


जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी में रविवार सुबह एक मकान के अंदर मिट्टी में दफन महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिक देखरेख के लिए पहुंचा तो घर पर ताला लगा था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद मकान के अंदर जाने पर बाउंड्रीवाल के भीतर मिट्टी खुदी हुई मिली। गड्ढे में महिला का हाथ बाहर निकला हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटाकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी किरन (32) के रूप में हुई है। वह करीब छह माह की गर्भवती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश (22) ने करीब दो महीने पहले मकान किराए पर लिया था। उसने किरन को अपनी पत्नी बताया था और दोनों मकान में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार आशंका है कि करीब दो-तीन दिन पहले किरन की हत्या कर उसके शव को रात के समय गड्ढा खोदकर दफनाया गया। शव दफन करने के बाद उसके ऊपर नमक डालकर गड्ढे को मिट्टी से ढक दिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद भी प्रवेश करीब तीन दिन तक मकान पर आता-जाता रहा।

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह प्रवेश मकान से निकलने के बाद फरार हो गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उसने ठेकेदार से पैसे उधार लिए थे। पुलिस मृतका के परिजनों की जानकारी जुटाने के साथ प्रवेश की तलाश कर रही है।

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि हत्या के कारणों और वारदात के तरीके की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयासों के साथ मृतका और प्रवेश के संबंधों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश