home page

झाड़ फूंक कराने गई महिला के साथ मारपीट, हालत गंभीर हाेने पर लखनऊ रेफर

 | 
झाड़ फूंक कराने गई महिला के साथ मारपीट, हालत गंभीर हाेने पर लखनऊ रेफर


बहराइच, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नानपारा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखैया कलां में झाड़ फूंक कराने गई महिला बेहोशी की हालत में मिली। महिला के पति शत्रोहन का आरोप है कि झाड़ फूंक करने वाले ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की है। पत्नी को चोटें आई हैं। पुलिस ने तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

पीड़ित शत्रोहन ने बताया कि उनकी पत्नी सुमित्रा बीमार थीं। नौ मई की शाम पत्नी को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कुटी में रहने वाले सुनील और उसकी मां के पास झाड़ फूंक कराने ले गया था। वह रात में अपनी पत्नी के लिए खाना लेने चले गए,वापस लौटने पर पत्नी बेहोशी की हालत में मिली। उनके शरीर पर चोट के निशान थे। अगले दिन प्रातः शत्रोहन पत्नी सुमित्रा को लेकर सीएचसी पहुँचे तो चिकित्सकों ने गम्भीर हालत का हवाला देकर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हालत इतनी गम्भीर थी कि यहां के चिकित्सकों ने भी बुधवार को लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में उसने बताया कि सुनील और उसकी मां ने पत्नी के साथ मारपीट की है, जिससे उन्हें यह चोटें आई हैं। कोतवाल नानपारा राजनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को आरोपितों के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA