महिला से मारपीट और बाल पकड़कर घसीटने के आरोप में होम गार्ड गिरफ्तार
हैदराबाद, 19 सितंबर (हि.स.)। हैदराबाद से सटे हफीजपेट रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला के साथ मारपीट और उसे बाल पकड़कर घसीटने के आरोप में होम गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। साइबराबाद पुलिस आयुक्त डॉ. एम. रमेश ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार होम गार्ड की पहचान आनंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और धारा 118(1) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। साथ ही, उसे होम गार्ड के पद से हटा दिया गया है।
यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर आनंद द्वारा महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो प्रसारित होने के बाद की गई। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया।
मियापुर थाना प्रभारी एन. जयराम ने बताया कि महिला कथित तौर पर नशे में थी और उसने आनंद के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आनंद ने उसके साथ मारपीट की।
घटना 18 सितंबर की बताई गई है। वीडियो में आनंद एक दुकान के सामने महिला को थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। महिला बचने के लिए नीचे झुकती है तो वह उसके बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटता नजर आता है। इस दौरान एक व्यक्ति बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाने का प्रयास करता है, लेकिन आनंद उसके बाल खींचता रहता है।
तेलंगाना के डीजीपी सी. वी. आनंद ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी रैंक के व्यक्ति को महिला के साथ इस तरह का व्यवहार करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

