home page

1.055 किलो गांजे के साथ युवती गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क

 | 
1.055 किलो गांजे के साथ युवती गिरफ्तार, पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकेरी थाना पुलिस ने एक युवती को 1.055 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सोमवार दोपहर पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवती सफेद रंग की बोरी लेकर आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर वह घबरा गई और बोरी छिपाकर वहां से निकलने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बोरी में रखी पुड़ियों से कुल 1.055 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान रूबी के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, उसने पूछताछ में बताया कि वह उन्नाव से कम कीमत पर गांजा लाकर कानपुर में छोटी-छोटी पुड़ियों के रूप में बेचती थी, जिससे उसे अधिक मुनाफा होता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी वर्ष फरवरी में उसे 1.150 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह उन्नाव से किसके माध्यम से गांजा खरीदती थी और कानपुर में किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करती थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित से पूछताछ के आधार पर उसके सहयोगियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप