home page

अनूपपुर: 100 नशीले इंजेक्शन के साथ महिला गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ से लाती थी नशे की खेप

 | 
अनूपपुर: 100 नशीले इंजेक्शन के साथ महिला गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ से लाती थी नशे की खेप


अनूपपुर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार कर उसके घर से 20,000 रुपये मूल्य के 100 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। महिला पर एनडीपीएस एक्ट और औषधि निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया हैं।

थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भालुगुडार गांव में एक महिला अपने घर पर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन छिपाकर बेच रही है। सूचना के आधार पर, पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7, भालुगुडार, बिजुरी निवासी 32 वर्षीय पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान, पुष्पा सिंह उइके के घर से फेनिरामाइन मैलिएट के 50 नग (10 ml) और बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन के 50 नग (2 ml) बरामद हुए। आरोपी महिला इन इंजेक्शनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पहले से ही इस कारोबार में शामिल थी। वह छत्तीसगढ़ से ये इंजेक्शन लाकर आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचती थी। ये इंजेक्शन स्थानीय बाजार में खपाए जाने थे। इंजेक्शन जब्त करने के बाद, पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई और शाम को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया हैं। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि महिला आरोपी के खिलाफ इस कारोबार से संबंधित एक मामला पहले भी छत्तीसगढ़ में दर्ज है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला