home page

लालगढ़ में गांजा तस्करी के आरोप में खड़गपुर की महिला गिरफ्तार

 | 
लालगढ़ में गांजा तस्करी के आरोप में खड़गपुर की महिला गिरफ्तार


झाड़ग्राम, 04 नवंबर (हि. स.)। झाड़ग्राम जिले के लालगढ़ में गांजा तस्करी के आरोप में पुलिस ने खड़गपुर की एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास मौजूद बैग की तलाशी के दौरान करीब तीन किलोग्राम गांजा और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। घटना मंगलवार देर शाम लालगढ़ थाना क्षेत्र के छोटा बैता इलाके की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान तारा विशाल के रूप में हुई है। वह पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर स्थित कलाईकुंडा इलाके की निवासी है। पुलिस का दावा है कि महिला खड़गपुर से बस में सवार होकर अलग-अलग इलाकों में गांजा पहुंचाने का काम करती थी।

बताया गया है कि मंगलवार को महिला बस से बैता इलाके में उतरकर पैदल जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे रोककर उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से करीब तीन किलोग्राम गांजा और 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

घटना की जानकारी मिलने पर झाड़ग्राम के एसडीपीओ ऋषभ राजदीप, लालगढ़ थाना प्रभारी संजीव घोष और बिनपुर-एक प्रखंड के संयुक्त प्रखंड विकास अधिकारी सुमंत साहा मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर लिया।

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला को बुधवार को झाड़ग्राम अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उससे पूछताछ के लिए 14 दिनों की हिरासत की मांग करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के इस मामले में महिला के साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता