बच्ची की गैर-इरादतन हत्या की आरोपित महिला गिरफ्तार
बांदा, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कमासिन थाना पुलिस ने बच्ची की गैर-इरादतन हत्या के मामले में वांछित महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में फरार एक अन्य आरोपित की तलाश में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि 31 मई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम खमरखा में आपसी विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा एक बच्ची के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर कमासिन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मंगलवार को वांछित आरोपी रामकली पत्नी रामप्रकाश उर्फ छोट्टन, निवासी ग्राम खमरखा, थाना कमासिन को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना कमासिन में धारा 115(2), 352, 351(1) एवं 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामायण सिंह, कांस्टेबल सूर्यप्रकाश सिंह, महिला कांस्टेबल रोली रजक तथा महिला कांस्टेबल संध्या सिंह शामिल रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

