सिलीगुड़ी प्राइमरी स्कूल काउंसिल घोटाला : 1.17 करोड़ की हेराफेरी में एक और महिला गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 04 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा प्राइमरी स्कूल काउंसिल में 1.17 करोड़ रुपये के गबन मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस मामले में पुलिस ने एक और महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान प्रतिमा सरकार के रूप में हुई है। वह साहुडांगी इलाके की रहने वाली है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा सरकार के बैंक खाते में 53 लाख 47 हजार 700 रुपये के लेनदेन के प्रमाण मिले हैं, जिससे मामले में उसकी संलिप्तता की आशंका और गहरी हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे घोटाले का मुख्य आरोपित पेंशन क्लर्क रंजन दत्ता है, जो फिलहाल फरार है। गिरफ्तार प्रतिमा सरकार, रंजन दत्ता के घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका बताई जा रही है। इससे पहले पुलिस इस मामले में रंजन की करीबी अल्पना साहा को भी गिरफ्तार कर चुकी है।शनिवार को अल्पना साहा की चार दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद उसे और प्रतिमा सरकार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने की छह तारीख को तत्कालीन प्राइमरी स्कूल काउंसिल के चेयरमैन दिलीप रॉय ने सिलीगुड़ी थाने में चेक जालसाजी के जरिए 1.17 करोड़ रुपये के गबन की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मुख्य आरोपी के तौर पर रंजन दत्ता का नाम सामने आया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही वह फरार है। जांच के दौरान आरोपित के करीबी लोगों के बैंक खातों में बड़ी रकम के लेनदेन का खुलासा होने से पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मुख्य आरोपित की तलाश में जुटी है। यह भी जांच कर रही है कि इस घोटाले का नेटवर्क कितना बड़ा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

