दहेज उत्पीड़न और तंत्र-मंत्र के नाम पर प्रताड़ना का आरोप, एफआईआर दर्ज
कानपुर, 30 मार्च (हि.स.)। कानपुर में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और तंत्र-मंत्र के नाम पर अमानवीय व्यवहार कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे कथित पूजा के दौरान जबरन आपत्तिजनक परिस्थितियों में शामिल किया जाता था और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। लंबे समय तक उत्पीड़न झेलने के बाद वह मायके लौट आई और परिजनों के साथ पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।
सचेण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम सुरार की रहने वाली युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, उसका विवाह छह मार्च 2024 को पांडु नगर निवासी कौतुक मिश्रा के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार खर्च करते हुए कार, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग जारी रही।
आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही मकान, एक किलो सोना और नकद राशि की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा। पीड़िता ने बताया कि ससुराल में तंत्र-मंत्र के नाम पर अजीब तरह की गतिविधियां होती थीं, जिनमें उसे देर रात तक जबरन शामिल किया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती और मानसिक दबाव बनाया जाता था।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के कुछ सदस्यों द्वारा उसके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया और उसे भय के माहौल में रखा गया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह जनवरी में अपने मायके लौट आई और परिजनों को पूरी बात बताई।
परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत करने के बाद मामले में कार्रवाई शुरू हुई। पीड़िता का कहना है कि करीब तीन महीने की प्रक्रिया के बाद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका स्त्रीधन, जिसमें कीमती जेवरात शामिल हैं, ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

