ग्राहक बनकर आई महिला चोर सर्राफ दुकान से चांदी लेकर फरार
हमीरपुर 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे की तहसील रोड पर स्थित एक सर्राफा दुकान में ग्राहक बनकर आई शातिर महिला चोर चंद मिनटों में आधा किलो चांदी की पायलों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मराठीपुरा निवासी सर्राफा राम औतार सोनी ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि महिला एक लड़की के साथ दुकान पर पहुंची थी। दुकान पर मौजूद कारोबारी के बेटे राहुल सोनी ने उन्हें चांदी की पायलें दिखाना शुरू किया। करीब 45 मिनट तक दोनों ने दुकान में बैठकर तरह-तरह के डिजाइन देखे और राहुल को अपनी बातों में उलझाए रखा।
इसी बीच मौका पाकर महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में लगभग 500 ग्राम वजनी चांदी की पायलों का एक पैकेट अपने ब्लाउज के अंदर छिपा लिया। दोनों के जाने के बाद जब स्टॉक का मिलान किया गया तो भारी मात्रा में पायलें गायब मिलीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर महिला की इस करतूत का भंडाफोड़ हुआ। बुधवार को शाम कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपित महिला और उसके साथ आई लड़की के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपित की तलाश की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

