home page

जशपुर : जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति सहित चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
जशपुर : जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति सहित चार आरोपित गिरफ्तार


जशपुर, 09 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में एक महिला की बेहद निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपितों ने महिला के साथ क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए लकड़ी के डंडे से उसके गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतिका की पहचान गोईदी बाई (48 वर्ष) पति ठूपन राम, निवासी ग्राम गट्टी महुआ, थाना सन्ना, जिला जशपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मृतिका के भाई सहलू राम (30 वर्ष) ने 6 मार्च 2026 को थाना सन्ना में दी। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान पाए गए। साथ ही उसके गुप्तांग में गंभीर चोट के संकेत मिले। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतिका की मौत कठोर व भोंथरे वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट पहुंचाने के कारण हुई है, जिसे हत्या (होमिसाइडल) बताया गया।

इस आधार पर थाना सन्ना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ और गवाहों के बयान के आधार पर घटना का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि 5 मार्च 2026 को मृतिका गोईदी बाई, उसका पति ठूपन राम और उसकी सौतन फुला बाई घर पर मौजूद थे। दोपहर करीब दो बजे किसी बात को लेकर गोईदी बाई और फुला बाई के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद ठूपन राम और फुला बाई खेत की ओर चले गए, जहां सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई झोपड़ी में बैठे हुए थे।

कुछ देर बाद गोईदी बाई भी बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी। इसी दौरान ठूपन राम उसे बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले गया। वहां चारों आरोपितों ने बैठकर हड़िया पी। इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा नहीं होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई का जादू-टोना जिम्मेदार है।

इसी शक में सुनील राम ने गोईदी बाई के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद ठूपन राम और फुला बाई ने महिला के हाथ-पैर पकड़कर उसे काबू में कर लिया। वहीं सुरन्ती बाई ने भी अपने बच्चे न होने के लिए गोईदी बाई को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद सुनील राम और सुरन्ती बाई ने मिलकर लकड़ी का डंडा महिला के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपितों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और ऊपर से कंबल डालकर मामले को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।

मामले में पुलिस ने आरोपी ठूपन राम (45 वर्ष), फुला बाई (48 वर्ष), सुनील राम (23 वर्ष) और सुरन्ती बाई (22 वर्ष), सभी निवासी ग्राम गट्टी महुआ, थाना सन्ना, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव और आरक्षक प्रवीण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह