home page

शराब तस्करी के विवाद में खूनी संघर्ष, चाचा-भतीजा गंभीर घायल; इलाके में बढ़ी पुलिस निगरानी

 | 
शराब तस्करी के विवाद में खूनी संघर्ष, चाचा-भतीजा गंभीर घायल; इलाके में बढ़ी पुलिस निगरानी


नवादा, 17 जुलाई (हि.स.)।

जिले रजौली थाना क्षेत्र के महरई मोहल्ले में शुक्रवार को शराब तस्करी के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया।

दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और पथराव में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घायल रोशन कुमार ने बताया कि वह नदी किनारे घूमने गया था। इसी दौरान ऊपर टांड़ निवासी मोहित साव अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उस पर शराब की मुखबिरी करने का आरोप लगाने लगा। कहासुनी बढ़ने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जाता है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद घायल रोशन के चाचा संजीत कुमार शिकायत करने के लिए मोहित साव के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने फिर उग्र रूप ले लिया। इस दौरान जमकर मारपीट, ईंट-पत्थर चलने की बात सामने आई, जिसमें संजीत कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि संजीत को गोली भी मारी गई है, हालांकि चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि इसकी पुष्टि एक्स-रे और अन्य चिकित्सीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन