चित्रकोली जांच चौकी पर सफारी से शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
नवादा, 16 सितंबर (हि.स.)। बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित नवादा जिले के चित्रकोली जांच चौकी पर बुधवार को उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान टाटा सफारी से अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ टाटा सफारी को भी जब्त कर लिया।
उत्पाद जांच चौकी प्रभारी अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम तिलैया की ओर से बिहार में प्रवेश कर रही वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर टाटा सफारी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन के इंजन के पास छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई। टीम ने सात बोतल रॉयल चैलेंज अंग्रेजी शराब और चार केन बीयर जब्त की।
उत्पाद विभाग के अनुसार गिरफ्तार चालक की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के अकरी गांव निवासी मिश्री यादव के पुत्र गोरेलाल यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह तिलैया से शराब लेकर आ रहा था। उसके साथ मौजूद नाबालिग को भी विभागीय टीम ने निरुद्ध किया है।
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शराब बिहार सीमा में लाने के उद्देश्य समेत अन्य बिंदुओं की जांच करते हुए उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

