home page

अनूपपुर : सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर में चोरी, 50 हजार नकद और जेवर ले गए चोर; तीन जर्मन शेफर्ड भी नहीं रोक सके वारदात

 | 
अनूपपुर : सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर में चोरी, 50 हजार नकद और जेवर ले गए चोर; तीन जर्मन शेफर्ड भी नहीं रोक सके वारदात


अनूपपुर : सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर में चोरी, 50 हजार नकद और जेवर ले गए चोर; तीन जर्मन शेफर्ड भी नहीं रोक सके वारदात


अनूपपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर को निशाना बनाया। चोर खिड़की की जाली निकालकर घर में दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि घर में तीन जर्मन शेफर्ड नस्ल के कुत्ते भी मौजूद थे। इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर निकल गए। पुलिस डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम की मदद से मामले की जांच कर रही है।

एसडीओपी सुजीत कुमार के अनुसार, मकान मालिक ओमकार सिंह ठाकुर का नाती रात करीब दो बजे वॉशरूम जाने के लिए उठा था। इसी दौरान उसने आंगन के दूसरी ओर बने स्टोर रूम की छत पर कुछ लोगों को देखा। उसने तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोगों और डायल 112 को सूचना दी गई। घर की तलाशी लेने पर आंगन की ओर बने कमरे की खिड़की की जाली निकली हुई मिली। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से घर में दाखिल हुए। कमरे में रखी अलमारी से करीब 50 हजार रुपये नकद और जेवर गायब मिले। इस कमरे का उपयोग मेहमानों के आने पर किया जाता था।

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर

ओमकार सिंह ठाकुर अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई से सेवानिवृत्त हुए हैं। घर में वे अपनी पत्नी और 20 वर्षीय नाती के साथ रहते हैं। उनके बेटे का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि दोनों बेटियां अपने ससुराल में रहती हैं। परिजनों के अनुसार, परिवार रात करीब 12 बजे सोने चला गया था। घर के पीछे करीब 10 से 12 फीट ऊंची दीवार है, जिसके दूसरी ओर खुला मैदान है। आशंका जताई जा रही है कि चोर पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और खिड़की की जाली निकालकर अंदर पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मुख्य मार्ग के दूसरी ओर स्थित पेट्रोल पंप और आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने परिजनों से चोरी हुए जेवर और अन्य सामान की सूची मांगी है। शुरुआती जांच में कुल नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला