home page

अनूपपुर: फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार, चार शिकारी गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार, चार शिकारी गिरफ्तार


अनूपपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुडी के डिडवापानी गांव से लगे जंगल में क्लच वायर से फंदा लगाकर जंगली सूअर का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से जंगली सूअर का मांस और शिकार में इस्तेमाल किया गया क्लच वायर का फंदा जब्त किया गया। वन अपराध के तहत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी अनूपपुर स्वर्ण गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम गठित कर डिडवापानी गांव के कनेरीगढ़ क्षेत्र में दबिश दी गई। इस दौरान कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुडी निवासी 55 वर्षीय नईहर साय पुत्र बालेश्वर उरांव के घर की तलाशी ली गई। यहां से जंगली सूअर का पका हुआ मांस और क्लच वायर से बनाए गए 25 फंदे बरामद किए गए।

पूछताछ में नईहर साय ने बताया कि उसने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर वन अधिकार प्राप्त भूमि से लगी अनूपपुर वन बीट के कनेरीगढ़ क्षेत्र में लकड़ी के खंभों के सहारे क्लच वायर के फंदे लगाए थे। इनमें एक जंगली सूअर फंस गया था, जिसका शिकार करने के बाद उसे काटकर मांस पकाया गया। आरोपी की निशानदेही पर वन विभाग की टीम ने 31 वर्षीय संतोष, 38 वर्षीय गणेश एक्का और 52 वर्षीय नरेश एक्का, सभी निवासी डिडवापानी, के पास से भी जंगली सूअर का मांस और अन्य सामग्री जब्त की। वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संशोधित धाराओं 2(16), 9, 39, 48, 48(क) और 49 के तहत वन अपराध दर्ज किया। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक अनूपपुर विजय कुमार सोनवानी, डॉग स्क्वॉड प्रभारी शहडोल राजकमल पयासी, वनरक्षक अभय द्विवेदी, हरिनारायण पटेल, नर्मदा पटेल, रामेश्वर पटेल, राजीव पटेल तथा सुरक्षा श्रमिक प्रेम सिंह और चंदू सिंह शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला