अनूपपुर: पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी का मिला शव, पति पर हत्या का आरोप
अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में दीपावली की रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। महिला का शव सोमवार सुबह घर के अंदर मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि पति ने मारपीट के दौरान किसी वस्तु से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रिंकी बैगा पति रामभुवन बैगा निवासी लखनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने सोमवार को बताया कि रविवार-सोमवार की रात घटना होने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं। ग्रामीणों ने पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने की बात भी बताई है। सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर महिला का शव मिला, जबकि पति भी वहीं मौजूद था। पूछताछ में पति ने फिलहाल घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया है। आरोपी पेशे से राजमिस्त्री है।
डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। दंपती का एक साल का बेटा है। दोनों गांव में अपने अलग मकान में रहते थे, जबकि पति के माता-पिता करीब 300 मीटर दूर दूसरे घर में रहते हैं। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

