home page

पति की हत्या में पत्नी-बेटे समेत तीन गिरफ्तार

 | 
पति की हत्या में पत्नी-बेटे समेत तीन गिरफ्तार


औरैया, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में ​औरैया जिले के अछल्दा थाना पुलिस ने मंगलवार काे स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से 72 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर दिया। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि युवक उसकी पत्नी और उसके बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे का सब्बल, खून से सनी टी-शर्ट और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि तीन मई की रात बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 275 पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला था। मृतक की पहचान अछल्दा के मढ़ा प्रीतम निवासी रणवीर सिंह यादव (48) के रूप में की गई। मृतक के बेटे सतेन्द्र उर्फ अंकित की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को तुर्कपुर अंडरपास के पास से तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में मृतक की पत्नी विनीता, बेटा हर्ष उर्फ हर्षित और रिश्तेदार गुरुजीत शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रणवीर सिंह शराब पीने का आदी और अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर मिले पैसों को शराब में उड़ा रहा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

घटना वाली रात भी उसने पत्नी विनीता के साथ मारपीट की। विनीता ने बेटे हर्षित को फोन कर बुलाया। हर्षित अपने रिश्तेदार गुरुजीत के साथ घर पहुंचा और तीनों ने मिलकर कुल्हाड़ी और लोहे के सब्बल से रणवीर की पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपितों ने शव को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। पुलिस ने युवक की हत्या में उसकी पत्नी बेटे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार