पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपित पति ने भी किया आत्महत्या का प्रयास
अलीपुरद्वार, 18 जून (हि. स.)। जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना गुरुवार तड़के अलीपुरद्वार एक नंबर ब्लॉक के शालकुमार दो ग्राम पंचायत के कोलाबाड़िया गांव में हुई। मृतका की पहचान धनबाला राय अधिकारी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपित पति अचिन्त्य अधिकारी ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया। उसने महिला का गला रेतकर सिर व चेहरे पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि उसने खुद पर भी धारदार हथियार से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना की सूचना पाकर सोनापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आरोपित अचिन्त्य अधिकारी को इलाज के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिवार के मुताबिक, घटना के समय आरोपित के पिता योगेश अधिकारी पास के कमरे में मौजूद थे, लेकिन उन्हें किसी भी प्रकार की आहट नहीं मिली। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

