पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या की कोशिश
जलपाईगुड़ी,18 अगस्त (हि.स.)। जिले के राजगंज ब्लॉक के अमबाड़ी के भोटपाड़ा इलाके में पत्नी की कथित हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया है। बताया जा रहा है कि दंपत्ति की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हल्दीबाड़ी निवासी भवतोष विश्वास की शादी राजगंज के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के अमबाड़ी भाटपाड़ा निवासी सोनाली विश्वास से करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद दंपति के बीच विवाद शुरू हो गया था। पारिवारिक कलह के चलते सोनाली कुछ दिन पहले अपने मायके आ गई थी।
सोमवार को भवतोष पत्नी को वापस घर ले जाने की बात कहकर ससुराल पहुंचा। आरोप है कि रात में उसने सोनाली को ससुराल के पास एक छत पर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर वहीं जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना की जानकारी उस समय सोनाली के परिवार को नहीं हो सकी। परिवार को लगा कि दोनों भवतोष के घर लौट गए होंगे।
मंगलवार सुबह सोनाली का फोन नहीं आने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान छत पर सोनाली का रक्तरंजित शव पड़ा मिला, जबकि पास में भवतोष बेहोशी की हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर भोरेर आलो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सोनाली के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया। वहीं, बेहोशी की हालत में मिले भवतोष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार और जहर की बोतल बरामद की है। इसके अलावा घटनास्थल से विभिन्न नमूने भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नृशंस घटना के पीछे दांपत्य विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। मामले में किसी अन्य कारण या व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

