home page

400 रूपए के विवाद में पत्नी ने कर दी पति की हत्या, डंडे से सिर पर किया वार

 | 
400 रूपए के विवाद में पत्नी ने कर दी पति की हत्या, डंडे से सिर पर किया वार


दतिया/भाण्डेर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर थाना क्षेत्र के खिरिया साहब गांव में रविवार रात महज 400 रुपये को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान पत्नी ने पति के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान जशवंत (38) पिता आशाराम दोहरे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जशवंत मजदूरी करता था और रविवार को काम से वापस घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह खाना खा रहा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच 400 रुपए को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट भी हुई। इसी दौरान पत्नी रूपा दोहरे ने घर में रखा डंडा उठाकर जशवंत के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जशवंत की मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी घर से निकल गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। भांडेर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। टीआई सपना शर्मा के मुताबिक आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

13 साल पहले हुई थी शादी, 8 साल का बेटा

जशवंत और रूपा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। दोनों का एक 8 साल का बेटा है। जशवंत परिवार में बड़ा भाई था। उसका छोटा भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है, जबकि माता-पिता गांव में ही छोटे बेटे के साथ अलग रहते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत पर बताए गए हैं। घर पर उस समय केवल पति-पत्नी मौजूद थे। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शराब पीने का आदी था मृतक

ग्रामीणों के अनुसार जशवंत शराब पीने का आदी था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि 400 रुपए को लेकर विवाद किस बात पर शुरू हुआ और विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ।

पुलिस द्वारा आरोपी पत्नी से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और घटना में इस्तेमाल डंडे समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा