home page

पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, किशनगंज के युवक की सिर काटकर हत्या

 | 
पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, किशनगंज के युवक की सिर काटकर हत्या


किशनगंज, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के पोठिया निवासी एक युवक की पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा क्षेत्र में सिर काटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध और आपसी विवाद की बात सामने आई है। तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलू की भी पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को बागडोगरा के हंसखोया चाय बागान के सेक्शन-9 में मजदूरों ने सिर कटा शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। बाद में मृतक की पहचान किशनगंज के पोठिया निवासी इमाम के रूप में हुई।

जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर इमाम को किशनगंज से बागडोगरा बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद पहले से घात लगाए आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और हंसखोया चाय बागान में ले जाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव से सिर अलग कर दिया गया। शव चाय बागान में छोड़ दिया गया, जबकि सिर और हत्या में प्रयुक्त हथियार को फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।

पुलिस ने बाद में दोनों को बरामद कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मोमिना बेगम और उसके प्रेमी सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध थे। इमाम द्वारा इस संबंध का विरोध किए जाने पर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात में सुदीप के दो भतीजे और एक अन्य सहयोगी भी शामिल थे।

बताया जाता है कि इमाम और मोमिना की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद मोमिना अपने दो बच्चों के साथ बागडोगरा में मायके में रह रही थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह