home page

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की राजमिस्त्री की हत्या, महिला गिरफ्तार

 | 
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की राजमिस्त्री की हत्या, महिला गिरफ्तार


कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते गुरुवार को राजमिस्त्री की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि महिला का प्रेमी मौके से भाग निकला। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा ने बुधवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मूल रूप से जनपद हमीरपुर का रहने वाला कन्हैया उर्फ आशीष शर्मा (52) पेशे से राजमिस्त्री था। बीते कुछ समय से वहां चकेरी के श्याम नगर इलाके में किराए के मकान में रहता था जबकि उसकी पत्नी आरती बेटे लवकुश के साथ गांव में रहती थी। बीते एक अप्रैल की देर रात किसी ने आशीष की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी थी।

अगले दिन जब बेटे ने पिता को काल किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर उसने मकान मालिक से जानकारी जुटाने का प्रयास किया। तो सामने आया कि किसी ने घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात हत्यारे के खिलाफ मुदकमा दर्जकर जब मामले की पड़ताल शुरू की तो उन्हें आरती पर शक हुआ। ऐसे में पुलिस ने उसका फोन सर्विलांस पर लगाते हुए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगाली तो उन्हें घटना वाली रात आरती घर के अंदर जाती हुई दिखाई दी। उसके साथ एक अन्य युवक भी था।

पुलिस ने जब हमीरपुर जाकर पता किया तो यह ज्ञात हुआ कि आरती का पड़ोस में रहने वाले सबलू खान उर्फ सफात के साथ प्रेम संबंध है। जिसके बाद पुलिस ने आरती को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। जिस पर उसने बताया कि आशीष शराब पीने का लती था और आये दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसी बीच उसके पड़ोस में रहने वाले सबलू से प्रेम संबंध बन गए और उसने उसी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया।

आरती की गिरफ्तारी की सूचना लगते ही सबलू मौके से फरार हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि आशीष हिस्ट्रीशीटर भी था। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं चार मुकदमें भी दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप