( अपडेट): पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर भागा राहुल झा रींगस से गिरफ्तार
जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार हुए राहुल झा (45) को करधनी थाना पुलिस ने रींगस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाशते हुए शनिवार को पकड़ा। इसी दिन आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
जयपुर पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण के अनुसार वारदात के बाद राहुल जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी पहुंचा और दर्शन करने के बाद एक होटल में ठहरा। उसके पास खर्च के लिए रुपए नहीं थे। उसने होटल में अपनी अंगूठी बेचकर रुपए लेने की कोशिश की, लेकिन होटल संचालक ने अंगूठी के बदले 500 रुपए देने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद वह होटल से निकलकर रींगस पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे करधनी स्थित मकान में महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के खून से लथपथ शव मिले थे। गीता का शव मकान की पहली मंजिल के कमरे में, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों में मिले थे। पुलिस को घर से राहुल के खून से सने कपड़े और उसका मोबाइल मिला था, जो बंद था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राहुल कर्ज में डूबा हुआ था। पुलिस को शक है कि उसने पहले पत्नी और बेटियों को खाने में जहर दिया। इसके बाद सुबह उठकर उसने सभी को देखा। उन्हें जिंदा देखकर उसने घर के बाहर रखी करीब डेढ़ फीट लंबी और करीब 10 किलो वजनी सीमेंट की पट्टी से पत्नी और बेटियों के सिर व चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद खून से सने कपड़े बदल लिए।
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल ने सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया और अपने 85 वर्षीय पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई। इसके बाद पिता से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकल गया। पुलिस टीमें तभी से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उसकी तलाश कर रही थीं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से वारदात के कारण और पूरी घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

