home page

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की युवक की हत्या, दोनों गिरफ्तार

 | 
पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की युवक की हत्या, दोनों गिरफ्तार


बाड़मेर, 23 मार्च (हि.स.)। बालोतरा जिले के गिडा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां एक युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपित पत्नी और उसके सरकारी शिक्षक प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मलवा गोयलान निवासी 23 वर्षीय महेंद्र मेघवाल की शादी करीब चार साल पहले बागूंडी निवासी अनु देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। सामाजिक स्तर पर कई बार समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन पति-पत्नी के संबंध सामान्य नहीं हो पाए। जांच में सामने आया कि अनु देवी अपने पति से प्रेम नहीं करती थी और किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात भी कहती थी, जिससे दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया।

घटना 20 मार्च की रात की है, जब एक बार फिर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद अनु देवी ने अपने प्रेमी अमराराम को फोन कर घर बुला लिया।

अमराराम तिलवाड़ा का निवासी है और चिड़िया पंचायत के बारूपलों की बस्ती स्थित एक प्राथमिक स्कूल में ग्रेड थर्ड शिक्षक के पद पर कार्यरत है। दोनों ने मिलकर महेंद्र का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। अगली सुबह जब महेंद्र काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकला तो पास में रहने वाले परिजनों को शक हुआ। जब वे घर पहुंचे तो अनु देवी ने बताया कि महेंद्र कमरे में सो रहा है। परिजन जब कमरे में गए तो महेंद्र का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उसके गले पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को गिडा अस्पताल की पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर धरना भी दिया। महेंद्र के भाई मगाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान अनु देवी ने अपने प्रेमी अमराराम के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने अमराराम को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने भी अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित