अवैध संबंधों के चलते पत्नी और उसके प्रेमी को गोली मारी, मौत
गाजियाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में मंगलवार देर रात पति ने पत्नी और उसके प्रेमी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पति को पत्नी और साथी के बीच अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपित पति की तलाश में जुट गई है। आजाद एंक्लेव पूजा कॉलोनी में रहने वाला राशिद शटरिंग का काम करता है। उसके परिवार में 36 वर्षीय पत्नी शबनम के अलावा सात बच्चे भी हैं। वह आठ माह पहले ही अशोक विहार कॉलोनी से यहां शिफ्ट हुआ था। राशिद का पुराना दोस्त 32 वर्षीय फईम खुशहाल पार्क कॉलोनी में रहता था।
पुलिस के मुताबिक घर पर आने-जाने के दौरान फईम के राशिद की पत्नी से अवैध संबंध हो गए, जिसका पता चलने पर वह अक्सर दोनों को समझाता था। राशिद का बड़ा पुत्र रिहान अपनी पत्नी और छोटे भाई जिशान के साथ अशोक विहार कॉलोनी स्थित ससुराल गया था, जबकि अन्य बच्चे घर पर थे। रात के समय फईम राशिद के घर पहुंचा। राशिद ने कहासुनी होने के बाद सोफे पर बैठे फईम के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उसने पत्नी शबनम के सिर में भी गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर और डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शवाें काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिये गये। फईम के पिता नईम ने राशिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की चार टीमें फरार राशिद की तलाश कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

