युवक की आत्महत्या के मामले में पत्नी समेत पांच गिरफ्तार
जौनपुर,12 जून (हि.स.)। जौनपुर जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी पत्नी सहित पांच आरोपिताें काे शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
नगर कोतवाल क्षेत्र के हनुमान घाट-केसरी बाजार निवासी वासु सेठ (26) ने गुरुवार रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मौत से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी, सास, साली और अन्य ससुरालजनों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में शुक्रवार को जानकारी लेने पर सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि वीडियो में मृतक वासु ने कहा था कि वह अपनी पत्नी, सास और दोनों सालियों के कारण जहर पी रहा है। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी कई बार खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका है, लेकिन ये लोग उसे जीने नहीं देंगे। वासु ने दावा किया कि उसकी कोई गलती नहीं है और ससुराल वाले उसे बहुत परेशान कर रहे हैं। यह वीडियो उसने अपने 8 साल के बेटे के सामने बनाया था।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शुक्रवार को पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपिताें में जय प्रकाश वर्मा की पत्नी ज्ञान देवी, उनका बेटा विशाल, विकास, बेटी पूजा वर्मा और संध्या सेठ शामिल हैं। ये सभी आरोपित भौराजीपुर तिराहे से राजा साहब के पोखरे वाली सड़क पर भागने की फिराक में थे, तभी लोक हॉस्पिटल और बिल्डिंग मटेरियल के बीच स्थित कब्रिस्तान के सामने सड़क पर उन्हें पकड़ा गया। सभी आरोपी नवधन, थाना ऊँज, जनपद भदोही के निवासी हैं।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

