home page

कटिहार में परवान चढ़ रहा स्मैक का अवैध कारोबार, 880 ग्राम स्मैक बरामद

 | 
कटिहार में परवान चढ़ रहा स्मैक का अवैध कारोबार, 880 ग्राम स्मैक बरामद


कटिहार, ०८ अगस्त (हि.स.)। जिले में स्मैक का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक फैले इस अवैध नेटवर्क की गिरफ्त में किशोर और युवा वर्ग तेजी से आ रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। हालांकि, इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए जुलाई से अगस्त के बीच 880 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद कर कई तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जुलाई और अगस्त महीने के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कई बड़ी खेप बरामद की हैं। नगर थाना क्षेत्र में 11 जुलाई को गाछी टोला के पास से 385.25 ग्राम स्मैक बरामद किया गया, जो हाल के दिनों की सबसे बड़ी बरामदगी है। अमदाबाद थाना क्षेत्र के भोलमारी गांव में नौ जुलाई को छापेमारी कर 203 ग्राम स्मैक के साथ महिला तस्कर मस्कुरा बीबी को गिरफ्तार किया गया। बारसोई में 25-26 जुलाई को 103.62 ग्राम स्मैक, 84,750 रुपये नकद और एक बाइक के साथ मो. सद्दाम को पकड़ा गया। पांच अगस्त को डीएस कॉलेज रोड के पास वाहन जांच के दौरान 100 ग्राम स्मैक, 11,810 रुपये नकद और एक बाइक के साथ मो. इम्तियाज और मो. रिजवान गिरफ्तार हुए। मनिहारी में 28 जुलाई को नया टोला में छापेमारी कर 51.68 ग्राम स्मैक के साथ बुलबुल कुमार को पकड़ा गया। इसके अलावा बरारी, बलिया बेलौन और हसनगंज में भी लगातार कार्रवाई कर स्मैक, नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं तथा कई अन्य तस्करों व एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की हालिया कार्रवाइयों से यह खुलासा हुआ है कि तस्करों ने अब अपने नेटवर्क में महिलाओं और नाबालिगों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, जो एक गंभीर चुनौती है। स्थानीय लोगों के अनुसार नशे की जरूरत पूरी करने के लिए युवा चोरी व छिनतई जैसी वारदातों में लिप्त हो रहे हैं। स्कूल और कोचिंग संस्थानों के आसपास इस अवैध कारोबार का फैलना सबसे बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा है, लेकिन इस सामाजिक बुराई पर पूरी तरह काबू पाने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई काफी नहीं है। अभिभावकों को अपने बच्चों की संगति और दिनचर्या पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। कटिहार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह