मदिरा पीते समय हुए विवाद में दोस्त ने मारी गोली, युवक की मौत
नोएडा, 29 नवंबर (हि.स.)। थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले युवक को मदिरा पीते समय हुए विवाद में उसके दोस्त ने गोली मार दी। इस घटना में उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के एस के ओरिएन सोसाइटी में रहने वाले सौरभ शर्मा पुत्र राजाराम शर्मा 25 वर्ष ने अपने दोस्त तुषार (21) पुत्र प्रमोद निवासी फरीदाबाद को आज गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि दोनों आपस में दोस्त थे। दोनों साथ में बैठकर मदिरा पी रहे थे। बियर की केन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया तथा आरोपी ने तुषार को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक ऑनलाइन काम करता था। उसने एविएशन का कोर्स किया था, जबकि आरोपी पूर्व में एक बार क्लब में मैनेजर था। मौजूदा समय में वह बेरोजगार था। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार कहां से खरीदा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

