home page

एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपित 12 घंटे में गिरफ्तार, गैंगस्टर नवीन बाली-नीरज बवाना के नाम पर दी थी धमकी

 | 
एक करोड़ की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपित 12 घंटे में गिरफ्तार, गैंगस्टर नवीन बाली-नीरज बवाना के नाम पर दी थी धमकी


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ ने हरिनगर के एक कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले का महज 12 घंटे में पर्दाफाश करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। आरोपिताें ने खुद को कुख्यात नवीन बाली-नीरज बवाना गैंग का सदस्य बताकर कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से रंगदारी कॉल करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है।

पश्चिम पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को हरिनगर निवासी बृजेंद्र, जो ब्रांडेड डिटर्जेंट पाउडर के डिस्ट्रीब्यूटर हैं, ने शिकायत दी कि रात करीब 9:27 बजे उन्हें व्हाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को नवीन बाली-नीरज बवाना गैंग का सदस्य बताते हुए 27 जुलाई की शाम तक ₹1 करोड़ देने की मांग की। रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में स्पेशल स्टाफ की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर मोहान गार्डन से 28 वर्षीय मोहम्मद मोनिश और 23 वर्षीय मोहम्मद असद को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में पता चला कि मोनिश पहले शिकायतकर्ता के यहां काम कर चुका था और उसे कारोबारी की आर्थिक स्थिति व कारोबार की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी असद के साथ मिलकर रंगदारी वसूलने की साजिश रची। वारदात से तीन दिन पहले दोनों ने करोल बाग के गफ्फार मार्केट से नया मोबाइल और सिम कार्ड खरीदा था, ताकि उसी का इस्तेमाल कर धमकी दी जा सके।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब पर नवीन बाली और नीरज बवाना से जुड़े वीडियो देखते थे और उनकी आपराधिक छवि से प्रभावित होकर उन्हीं के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारी को डराना चाहते थे। पुलिस अब आरोपिताें के आपराधिक रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों, वित्तीय लेनदेन और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी