धौलाकुंआ चलने के बहाने ऑटो बुक कर चालक को मारा चाकू, तीन नाबालिग लुटेरे दबोचे
नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। पश्चिमी जिले के नरायणा इलाके में धौलाकुआं जाने के बहाने ऑटो बुक कर चालक से लूटपाट और चाकूबाजी करने वाले तीन नाबालिगों को पश्चिमी जिला पुलिस ने वारदात के दो घंटे के भीतर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक इंदरपुरी निवासी कैलाश ऑटो चालक है। उसने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल की तड़के करीब तीन बजे नरायणा फ्लाईओवर के पास तीन लड़कों ने उसका ऑटो धौलाकुआं जाने के लिए बुक किया था। रास्ते में तीनों ने उस पर हमला कर 500 रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपितों ने उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर एक लड़के ने चाकू निकालकर कैलाश पर वार कर दिया और तीनों मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में कैलाश को उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर नरायणा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन उस समय डॉक्टरों ने उसे बयान देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया। शाम को हालत में सुधार होने के बाद पीड़ित के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर दर्ज होते ही थाना नरायणा की टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात के समय तीन संदिग्ध किशोर नरायणा गांव की ओर भागते दिखाई दिए। फुटेज पीड़ित को दिखाई गई, जिसने तीनों की पहचान हमलावरों के रूप में कर दी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी ट्रेल के आधार पर नरायणा गांव स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट और हमले की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर एक किचन नाइफ बरामद की गई, जिसका इस्तेमाल ऑटो चालक पर हमला करने में किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

