home page

किराये के 1500 रुपये को लेकर विवाद, ईको चालक ने यात्री की पीट-पीटकर हत्या की

 | 
किराये के 1500 रुपये को लेकर विवाद, ईको चालक ने यात्री की पीट-पीटकर हत्या की


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी जिले के नारायणा विहार में सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिले युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में ईको चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गुरुग्राम के इफको चौक से यात्री को लेकर आ रहे चालक का करीब 1000 से 1500 रुपये किराये को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि चालक ने ईंट और मिट्टी के घड़े जैसी वस्तु से यात्री के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव की पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े और जूते हटा दिए गए।

17 अगस्त को नारायणा थाना पुलिस को सी-52, सी ब्लॉक, नारायणा विहार में सेवा भारती एनजीओ की दीवार के पास फुटपाथ पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो करीब 30-35 वर्षीय युवक नग्न और खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसके सिर के दाहिने हिस्से में गहरी चोट थी और शरीर पर भी कई चोटों के निशान थे। बाएं हाथ पर तीर के साथ दिल का टैटू बना था, जिस पर ‘आनंद’ और ‘रेनू’ नाम लिखे थे। मौके पर खून के निशान, ईंटें और मिट्टी के घड़े जैसी वस्तु के टुकड़े मिले थे। क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद नारायणा थाने में हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारी के अनुसार मामला पूरी तरह ब्लाइंड होने और मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने आसपास के रास्तों और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। इनमें एक संदिग्ध मारुति ईको घटनास्थल के आसपास आती-जाती दिखाई दी। शुरुआत में नंबर स्पष्ट नहीं था। पुलिस ने लगातार अलग-अलग कैमरों की फुटेज जोड़कर ईको के आने और जाने का रूट तैयार किया। इसके बाद वाहन की पहचान हुई।

पुलिस ने वाहन मालिक राजिंदर कुमार उर्फ अन्नू (59) निवासी नारायणा को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह चालक का काम करता है और उसने गुरुग्राम के इफको चौक से मृतक को ईको में बैठाया था। रास्ते में किराये को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि किराया देने से इनकार करने पर चालक ने यात्री से मारपीट की और ईंट तथा घड़े जैसी वस्तु से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद राजिंदर ने अपनी पत्नी कामिनी मुखीजा (50) और बेटे लक्ष मखीजा (28) को मौके पर बुलाया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मृतक के कपड़े और जूते हटाकर उसकी पहचान छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। लक्ष की निशानदेही पर मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए गए। जबकि कामिनी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईको बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित को एफआईआर दर्ज होने के करीब चार घंटे में पकड़ लिया गया। हालांकि, अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके टैटू और अन्य विवरण के आधार पर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हत्या की पूरी कड़ी और तीनों आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी