home page

पॉक्सो मामले में फरार आरोपित उत्तराखंड से गिरफ्तार

 | 
पॉक्सो मामले में फरार आरोपित उत्तराखंड से गिरफ्तार


नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। दिल्ली की वेलकम थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर युवती को हथियार के बल पर धमका कर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लगातार पीछा करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार चार अप्रैल 2026 को 21 वर्षीय युवती ने वेलकम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में आरोपित ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपित ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण करता रहा। आरोप है कि वह युवती का ट्यूशन जाते समय पीछा करता था और उसके साथ-साथ परिवार के सदस्यों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां देता था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 78, 351(3) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी। इसके बाद मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा-6 भी जोड़ दी गई।

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड विश्लेषण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी हासिल किए थे और उसे घोषित अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।

एसीपी भजनपुरा सहदेव कुमार राणा की निगरानी और थाना प्रभारी रूपेश कुमार खत्री के नेतृत्व में एएसआई बिजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल हरेंद्र कुमार, कुलदीप और ललित, कांस्टेबल लोकेश तथा महिला कांस्टेबल शिवानी की टीम ने लगातार प्रयास किए।

पुलिस को मिली विशेष सूचना के आधार पर टीम ने उत्तराखंड के भगवानपुर में छापेमारी कर 26 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वेलकम इलाके का रहने वाला है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी गैर इरादतन हत्या और जुआ अधिनियम से जुड़े मामलों में संलिप्त रह चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी