वेलकम में 22 वर्षीय युवक की गोलियों से भूनकर हत्या
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में मंगलवार देर रात 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरुद्वारा मोहल्ला, मौजपुर निवासी मोहम्मद अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में हुई है। बदमाशों ने अमानुल्लाह पर सात से आठ राउंड फायरिंग की। गंभीर हालत में परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, अमानुल्लाह मंगलवार देर रात दिल्ली नगर निगम कार्यालय के पास से होते हुए केशव चौक, श्याम लाल कॉलेज की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अमानुल्लाह को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर वेलकम थाना पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, हत्या के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है। उनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बुधवार को जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

