home page

अनूपपुर: शादी की खुसियस बदली मातम में, दूल्हे के बड़े भाई ने सल्फास खाकर दी जान

 | 
अनूपपुर: शादी की खुसियस बदली मातम में, दूल्हे के बड़े भाई ने सल्फास खाकर दी जान


अनूपपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में छोटे भाई की शादी के कुछ ही घंटों बाद बड़े भाई ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इससे शादी का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया।

वार्ड क्रमांक 11, दफाई नंबर 3 निवासी 45 वर्षीय विजय कुमार कोरी ने अज्ञात कारणों से यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, विजय के छोटे भाई की शादी 20 अप्रैल को हुई थी और 21 अप्रैल की शाम को ही वह अपनी दुल्हन को लेकर घर लौटा था। घर में शादी की रस्में और खुशियों का माहौल था। इसी बीच, रात करीब 10:30 बजे विजय की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। जब आसपास के लोगों ने उससे पूछताछ की, तो उसने सल्फास खाने की बात स्वीकार की। हालत बिगड़ते देख परिजन उसे रात कॉलरी अस्पताल भालूमाड़ा ले गए।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन जहर का असर पूरे शरीर में फैल चुका था। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रात में ही जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अनूपपुर पहुंचने से पहले ही विजय ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतक अपने पीछे 6-7 साल का एक मासूम बेटा छोड़ गया है। जिला अस्पताल अनूपपुर में बुधवार को शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर डायरी भालूमाड़ा थाना भेजी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला