शादी समारोह में लाठी-डंडों और रॉड से हमला, सात लोग घायल
औरैया, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब कुछ नामजद युवकों ने गेस्ट हाउस में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में घराती-बाराती समेत करीब सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सराय इमिलिया गांधीनगर निवासी संदीप कुमार पुत्र शिवराम सिंह की पुत्री निक्की की शादी 24 अप्रैल की रात गांव स्थित डी.डी. पैलेस गेस्ट हाउस में चल रही थी। देर रात जब बारात की रस्में चल रही थीं, तभी संदीप कुमार गेस्ट हाउस के अंदर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गांव के ही पांच नामजद युवक और कुछ अज्ञात लोग मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता कर रहे थे।
संदीप कुमार ने जब युवकों को ऐसा करने से रोका और वहां से जाने को कहा, तो आरोपित भड़क उठे और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने पहले से साथ लाए लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला बोल दिया।
हमले में संदीप कुमार के पुत्र अवनीश कुमार, दूल्हे के भतीजे प्रवीन कुमार पुत्र योगेश कुमार और दूल्हे के भाई विशाल पुत्र सुमित नारायण, निवासी दौलतपुर, औरैया को गंभीर चोटें आईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे संत कुमार और सुधीर सिंह पुत्र रामनाथ को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।
पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर नामजद आरोपितों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने शनिवार को बताया कि मामला संज्ञान में है और तहरीर मिल चुकी है। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

