अवैध कॉल सेंटर पर पुलिस की कार्रवाई, चार महिला समेत नौ गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 11 सितंबर (हि.स.)। शहर के परिवहन नगर स्थित वेबेल आईटी पार्क में चल रहे अवैध कॉल सेंटर पर माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने छापेमारी कर चार महिला सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर रात भारी पुलिस बल ने आईटी पार्क में यह अभियान चलाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आईटी पार्क की आड़ में लंबे समय से कस्टमर सपोर्ट सेंटर के नाम पर कथित तौर पर साइबर ठगी और अवैध वित्तीय लेनदेन चलाया जा रहा था। सीबीआई की जांच से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुरुवार को अभियान की तैयारी शुरू कर दी गई थी। सिलीगुड़ी कमिश्नरेट के सभी थानों से करीब दो सौ पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थी।
गुरुवार देर रात परिवहन नगर स्थित वेबेल आईटी पार्क में अभियान का नेतृत्व डीसीपी (ईस्ट) चारु शर्मा और एसीपी (ईस्ट) रॉबिन थापा ने किया। वहीं, पुलिस की एक अन्य टीम ने लीचुबागान स्थित वेबेल आईटी पार्क में तलाशी अभियान चलाया। दोनों स्थानों पर रात करीब डेढ़ बजे तक तलाशी और पूछताछ जारी रही। मौके से बड़ी संख्या में दस्तावेज, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जब्त किए गए है। प्राथमिक जांच में कथित अवैध वित्तीय लेनदेन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल और फर्जी बैंक खातों की पहचान शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी बुनियादी ढांचे वाले वेबेल आईटी पार्क में इतने लंबे समय से यह कथित अवैध गतिविधि कैसे चल रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि साइबर ठगी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

