home page

जबलपुर: चलती कार में शस्त्र प्रदर्शन का वीडियो वायरल, आरोपित युवक गिरफ्तार

 | 
जबलपुर: चलती कार में शस्त्र प्रदर्शन का वीडियो वायरल, आरोपित युवक गिरफ्तार


जबलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर में चलती कार से हथियार निकालकर प्रदर्शन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर निगरानी के लिए गठित सोशल मीडिया सेल की टीम ने वायरल रील का संज्ञान लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया।

थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार के अनुसार, वीडियो में दिख रही कार के नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क किया गया। कार मालिक ने वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अपने बेटे के दोस्त अमन सचदेवा, निवासी आलोक नगर के रूप में की।

सोशल मीडिया सेल की टीम ने मंगलवार को अधारताल मेन रोड पर दबिश देकर 18 वर्षीय अमन सचदेवा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त की कार चलाते समय दिवाली में पटाखा फोड़ने वाली नकली पिस्तौल का प्रदर्शन कर रहा था। उसने यह भी बताया कि उसने एक राहगीर से 1200 रुपये में एक बटनदार धारदार चाकू खरीदा था।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से रील में प्रयुक्त बटनदार धारदार चाकू और पटाखा फोड़ने वाली नकली पिस्तौल जब्त कर ली है। आरोपित के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक